सिंगरौली
मतदाता सूची पुनरीक्षण: नगरपालिकाओं और पंचायतों में दावे-आपत्तियां 15 जून तक,
सिंगरौली, 12 जून 2026/ नगरपालिकाओं और पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण 2026 के अंतर्गत जिले के सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़ने, सुधार करने और अपात्र नामों को हटाने का कार्य तेजी से चल रहा है। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी संशोधित कार्यक्रम के अनुसार, मतदाता सूची के संबंध में दावे और आपत्तियां प्राप्त करने की अंतिम तिथि 15 जून 2026 निर्धारित की गई है। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गौरव बैनल ने जिले की नगर निगम और ग्राम पंचायतों में इस संशोधित कार्यक्रम का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए हैं ताकि कोई भी पात्र नागरिक मतदान के अधिकार से वंचित न रहे।
अभियान के तहत यदि किसी पात्र नागरिक का नाम फोटोयुक्त मतदाता सूची में छूट गया है, तो वे अपना नाम जुड़वाने के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही मतदाता सूची में दर्ज नाम, आयु, लिंग, फोटो या पते की अशुद्धियों को सुधारने के लिए और मृत या अन्यत्र स्थानांतरित हो चुके व्यक्तियों के नाम सूची से विलोपित कराने के लिए भी आवेदन स्वीकार किए जा रहे हैं। कलेक्टर ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे समय-सीमा का विशेष ध्यान रखें और 15 जून 2026 तक अपने क्षेत्र के बूथ लेवल ऑफिसर ग्राम पंचायत कार्यालय या नगरपालिका कार्यालय में जाकर मतदाता सूची का अवलोकन अवश्य करें। इस निर्धारित तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी दावे या आपत्ति पर विचार नहीं किया जाएगा।










Leave a Reply