सिंगरौली
सिंगरौली के सासन पावर लिमिटेड में कार्यरत श्रमिकों ने वेतन और पीएफ को लेकर कंपनी प्रबंधन के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है।
विशेष सूत्रों की माने तो श्रमिकों ने प्रबंधन को आवेदन सौंपकर समय पर वेतन, पीएफ जमा कराने और लंबित बोनस का भुगतान करने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी है कि मांगें पूरी नहीं होने पर श्रम न्यायालय का रुख किया जाएगा।
श्रमिकों द्वारा प्रबंधन विभाग को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया गया है कि पीवीएन ग्रुप के कर्मचारियों का पीएफ समय पर जमा नहीं किया जा रहा है। इसके साथ ही वेतन भी श्रम कानून के अनुसार हर महीने 1 से 7 तारीख के बीच मिलने के बजाय 20 से 25 तारीख के बीच दिया जा रहा है, जिससे कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि कर्मचारियों को पिछले करीब 5 महीनों से फेस्टिवल बोनस नहीं मिला है। श्रमिकों का आरोप है कि कई बार प्रबंधन से शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हुआ।
श्रमिकों ने मांग की है कि सभी कर्मचारियों का पीएफ नियमित रूप से जमा कराया जाए, वेतन प्रत्येक माह 1 से 7 तारीख के बीच दिया जाए और लंबित भुगतान जल्द किया जाए। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि मांगें पूरी नहीं होने पर वे लेबर कोर्ट सहित अन्य कानूनी विकल्प अपनाने के लिए मजबूर होंगे।











Leave a Reply