सिंगरौली
कलेक्टर की सख्ती: अनियमितताओं पर बड़कुड और पिपरवान की गिट्टी खदानें व क्रशर सील, अग्रिम आदेश तक संचालन बंद
सिंगरौली। जिले में अवैध खनन और नियमों की अनदेखी पर प्रशासन लगातार सख्त कार्रवाई कर रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर सिंगरौली श्री गौरव बैनल के निर्देशानुसार खनिज विभाग ने चितरंगी क्षेत्र के ग्राम बड़कुड और ग्राम पिपरवान स्थित गिट्टी खदान एवं क्रशर इकाइयों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए उन्हें आगामी आदेश तक सील कर दिया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, पूर्व में तहसीलदार चितरंगी, खनिज निरीक्षक श्री अशोक मिश्रा तथा प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की संयुक्त टीम द्वारा दोनों खदानों एवं क्रशरों का निरीक्षण किया गया था। जांच के दौरान विभिन्न प्रकार की अनियमितताएं पाई गई थीं। इसके बाद कलेक्टर सिंगरौली द्वारा संबंधित खदान संचालकों को कारण बताओ सूचना पत्र जारी किया गया था तथा उनकी ईटीपी (इलेक्ट्रॉनिक ट्रांजिट पास) व्यवस्था तत्काल प्रभाव से अवरुद्ध कर दी गई थी।
इसके बावजूद खदान एवं क्रशर संचालन बंद नहीं किया गया और गतिविधियां जारी रखी गईं। मामले को गंभीरता से लेते हुए खनिज अधिकारी सुश्री आकांक्षा पटेल के निर्देशन में गुरुवार 11 जून 2026 को खनिज विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों क्रशर इकाइयों को अग्रिम आदेश तक सील कर दिया।
प्रशासन का कहना है कि नियमों के उल्लंघन और विभागीय निर्देशों की अवहेलना को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनिज विभाग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित संचालकों के विरुद्ध खनिज नियमों के तहत अग्रिम वैधानिक कार्रवाई भी की जाएगी।
जिले में लगातार हो रही इस तरह की कार्रवाइयों से अवैध खनन और नियम विरुद्ध संचालन करने वालों में हड़कंप की स्थिति है। प्रशासन ने संकेत दिए हैं कि भविष्य में भी नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।










Leave a Reply