Janta Ki Awaj

NEWS AND POLITACAL

टीकाकरण दिवसों में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से केंद्रों का करें निरीक्षण: कलेक्टर

सिंगरौली

टीकाकरण दिवसों में स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से केंद्रों का करें निरीक्षण: कलेक्टर

सभी उपखंड अधिकारियों को क्षेत्रांतर्गत उपार्जन केंद्रों में हो रहे उपार्जन, परिवहन एवं भुगतान की मॉनिटरिंग करने के दिए निर्देश

हैंडपंप से वंचित दूरस्थ मझरे-टोलों का एक सप्ताह में सर्वे कर नवीन हैंडपंप खनन हेतु प्रस्ताव प्रस्तुत करें: गौरव बैनल

सिंगरौली, 4 मई 2026/ टीकाकरण दिवसों में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संयुक्त रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करें। साथ ही उपखंड अधिकारी उपार्जन केंद्रों में उपार्जित गेहूं के परिवहन एवं किसानों के भुगतान की लगातार निगरानी करें। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग हैंडपंप के नवीन खनन हेतु दूरस्थ मझरे-टोलों का सर्वे कर एक सप्ताह में प्रस्ताव प्रस्तुत करे। उक्त आशय के निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल द्वारा संबंधित जिला अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर ने टीकाकरण अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी टीकाकरण दिवसों में संयुक्त रूप से केंद्रों का निरीक्षण कर शत-प्रतिशत टीकाकरण का लक्ष्य प्राप्त करें। अधिकारी यह सुनिश्चित करें कि टीकाकरण निर्धारित सत्रों के अनुसार किया जाए। कलेक्टर ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि टीबी से संबंधित हाई-रिस्क गांवों को चिन्हित कर प्राथमिक लक्षणों की जांच कर रोगियों को समुचित उपचार उपलब्ध कराया जाए। उन्होंने महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि नियमित रूप से आंगनवाड़ी केंद्रों का औचक निरीक्षण करें। निरीक्षण के दौरान बच्चों की उपस्थिति, गर्भवती महिलाओं से संबंधित अभिलेख, टीकाकरण की स्थिति एवं पोषण आहार की जांच करें। निरीक्षण के दौरान संबंधित आंगनवाड़ी कार्यकर्ता एवं सेक्टर सुपरवाइजर सहित ग्रामीणो से संवाद कर कर व्यवस्थाओ के संबंध में जानकारी ले।

कलेक्टर ने लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि जिले में पेयजल की सुचारू व्यवस्था बनाए रखें। खराब हैंडपंपों का तत्काल सुधार कराएं तथा सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से प्राप्त पेयजल संबंधी शिकायतों का प्राथमिकता से निराकरण करें। दूरस्थ मझरे-टोलों में नवीन हैंडपंप की आवश्यकता का सर्वे कर एक सप्ताह में प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। प्रस्तावित हैंडपंपों के लिए सार्वजनिक स्थानों का ही चयन किया जाए। कलेक्टर ने शिक्षा विभाग की समीक्षा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी एवं डीपीसी को निर्देश दिए कि जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत हेतु प्रस्ताव तैयार करें। जो विद्यालय मरम्मत योग्य नहीं हैं, उनकी कक्षाएं सुरक्षित स्थानों पर संचालित कराई जाएं। जिन विद्यालयों के मरम्मत कार्य स्वीकृत हैं, उनका कार्य समय पर पूर्ण कराकर प्रतिवेदन प्रस्तुत करें।

कलेक्टर ने गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी उपखंड अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों के उपार्जन केंद्रों का निरीक्षण करें। उपार्जित गेहूं का समय पर परिवहन एवं किसानों को समय पर भुगतान सुनिश्चित करें। जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों में गेहूं खरीदी का कार्य सुचारू रूप से संचालित हो। कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अभियान के अंतर्गत विद्यालय एवं आंगनवाड़ी केंद्रों की पानी की टंकियों की सफाई “वॉश ऑन व्हील” ऐप के माध्यम से कराई जाए। पीएचई विभाग द्वारा पेयजल की गुणवत्ता की जांच कर जानकारी पोर्टल में दर्ज की जाए। संबंधित विभाग कार्यशालाएं, वृक्षारोपण एवं जागरूकता रैलियों के माध्यम से आमजन की सहभागिता सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने नगर निगम आयुक्त को निर्देश दिए कि मॉडल रोड का निर्माण योजनाबद्ध तरीके से एवं निर्धारित लेआउट के अनुसार गुणवत्तापूर्ण किया जाए, जिससे आमजन को आवागमन में असुविधा न हो। कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग प्राथमिकता से शिकायतों का समाधान करें। जनगणना कार्य की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि निर्धारित समय में त्रुटिरहित जनगणना कार्य पूर्ण किया जाए। किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी जगदीश गोमे, अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, सहायक कलेक्टर सौम्या मिश्रा, संयुक्त कलेक्टर प्रशांत त्रिपाठी, संजीव पांडेय, एसडीएम सिंगरौली सुरेश जाधव, एसडीएम चितरंगी देवेंद्र द्विवेदी, तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुष्पराज सिंह, जिला शिक्षा अधिकारी एस.बी. सिंह, डीपीसी आर.एल. शुक्ला, महिला बाल विकास अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, खनिज अधिकारी आकांक्षा पटेल सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *