Janta Ki Awaj

NEWS AND POLITACAL

जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत निर्धारित विभागीय लक्ष्य समय पर पूरे करें : कलेक्टर

सिंगरौली

जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत निर्धारित विभागीय लक्ष्य समय पर पूरे करें : कलेक्टर

नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करने के निर्देश

सिंगरौली, 27 अप्रैल 2026 / जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत निर्धारित विभागीय लक्ष्यों को समय पर पूरा करें तथा समस्त राजस्व अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रांतर्गत नामांतरण, बंटवारा तथा सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण कर पालन प्रतिवेदन देना सुनिश्चित करें। उक्त आशय के निर्देश कलेक्ट्रेट सभागार में आयोजित समय-सीमा बैठक के दौरान कलेक्टर श्री गौरव बैनल द्वारा संबंधित अधिकारियों को दिए गए।

कलेक्टर ने जल गंगा संवर्धन अभियान अंतर्गत किए जा रहे कार्यों की प्रगति की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी विभाग अभियान अंतर्गत अपने निर्धारित लक्ष्यों को समय पर पूर्ण करें तथा अभियान का व्यापक स्तर पर अपने-अपने क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार भी कराना सुनिश्चित करें। जनभागीदारी के माध्यम से अभियान को सफल बनाएं एवं अभियान के कार्यक्रमों में जनप्रतिनिधियों को भी शामिल करें। उन्होंने राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि अभियान के दौरान निर्मित सरोवरों को राजस्व अभिलेख में अनिवार्य रूप से दर्ज करें।कलेक्टर ने राजस्व प्रकरणों की समीक्षा करते हुए समस्त उपखंड अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित नामांतरण, बंटवारा एवं सीमांकन के प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण करें तथा अपने स्तर से राजस्व अमले की बैठक आयोजित कर प्रकरणों के निराकरण की समीक्षा करें। उन्होंने गेहूं उपार्जन की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि सभी उपार्जन केंद्रों पर सुव्यवस्थित व्यवस्थाओं के साथ किसानों से खरीदी करें तथा सभी केंद्रों में पेयजल एवं छाया की उचित व्यवस्था उपलब्ध रहे।

उन्होंने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय के साथ-साथ सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भी ओपीडी का संचालन समयानुसार हो, इसकी मॉनिटरिंग करें। उन्होंने सिविल सर्जन को निर्देश दिए कि जिला चिकित्सालय में मेडिकल कॉलेज के हड्डी रोग विशेषज्ञ के समन्वय से ऑर्थोपेडिक से संबंधित प्रकरण एवं ऑपरेशन सुचारू रूप से संचालित किए जाएं। ऑपरेशन संबंधित सभी प्रकार के इम्प्लांट की उपलब्धता बनाए रखें।कलेक्टर ने भारत की जनगणना 2027 की तैयारियों की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि 1 मई से शुरू हो रही भवन गणना की सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर लें। जन-जागरूकता हेतु लगातार अपने-अपने क्षेत्रों में चार्ज अधिकारी आईईसी गतिविधियों का संचालन सुनिश्चित करें, ताकि आम नागरिकों का जनगणना के दौरान सहयोग मिल सके।कलेक्टर ने जिला आपूर्ति अधिकारी को निर्देश दिए कि प्रतिदिन कम से कम 4 उचित मूल्य दुकानों का निरीक्षण कर साप्ताहिक पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करें। निर्धारित समय पर उचित मूल्य की दुकानें संचालित हों तथा हितग्राहियों को उनकी पात्रता अनुसार खाद्यान्न का वितरण सुनिश्चित करें।

कलेक्टर ने महिला एवं बाल विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि अत्यधिक गर्मी को देखते हुए आंगनवाड़ी केंद्रों के संचालन समय में जो भी परिवर्तन किया गया है, उसी के अनुसार केंद्रों का संचालन कराया जाए। धात्री एवं गर्भवती महिलाओं के साथ-साथ बच्चों को पोषण आहार का वितरण कराया जाना सुनिश्चित करें। साथ ही यह सुनिश्चित करें कि बच्चों को दिए जाने वाला नाश्ता नवीन निर्धारित समय पर उपलब्ध हो।कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन में दर्ज शिकायतों के निराकरण की जानकारी लेने के पश्चात निर्देश दिए कि कई विभागों द्वारा 50 दिवस की शिकायतों का निराकरण नहीं किया गया है, जो अत्यंत खेदजनक है। इसके अलावा कुछ अधिकारियों द्वारा शिकायतों को अटेंड भी नहीं किया गया है। कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त करते हुए निर्देश दिए कि ऐसे विभागों को चिन्हित कर संबंधित विभागीय अधिकारियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए।

उन्होंने 100 दिवस, 300 दिवस की लंबित शिकायतों सहित जनसुनवाई में प्राप्त आवेदन-पत्रों का प्राथमिकता के आधार पर निराकरण करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान सीएस मीटिंग के निर्धारित एजेंडा बिंदुओं पर कार्य करने हेतु विभागीय अधिकारियों को अपने विभाग से संबंधित बिंदुओं पर कार्रवाई कर एक दिवस के भीतर पालन प्रतिवेदन प्रस्तुत करने हेतु निर्देशित किया गया।बैठक के दौरान अपर कलेक्टर पी.एस. त्रिपाठी, संयुक्त कलेक्टर संजीव पाण्डेय, अखिलेश सिंह, एसडीएम सुरेश जाधव, नगर निगम आयुक्त सविता प्रधान, तहसीलदार ऋषि नारायण सिंह, जान्हवी शुक्ला सहित जिला अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *