Janta Ki Awaj

NEWS AND POLITACAL

जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर 6 शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई शुरू

सिंगरौली

जनगणना प्रशिक्षण में अनुपस्थिति पर 6 शिक्षकों के विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई शुरू

भारतीय जनगणना-2026 के महत्वपूर्ण चार-स्तरीय प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण के तीसरे चरण का दूसरा दिन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। राष्ट्रीय महत्व के इस कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध जिला प्रशासन और जनगणना विभाग ने कड़ा रुख अपनाते हुए अनुशासनात्मक कार्रवाई की है। आज के प्रशिक्षण सत्र में कुल 102 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिन्हें मास्टर ट्रेनर्स द्वारा डिजिटल डेटा प्रविष्टि, तकनीकी बारीकियों और फील्ड वर्क के दौरान आने वाली चुनौतियों के समाधान के बारे में विस्तार से समझाया गया। सभी उपस्थित कर्मियों को जनगणना कार्य को त्रुटिहीन और समयबद्ध तरीके से सफल बनाने के कड़े निर्देश दिए गए हैं।

प्रशिक्षण सत्र में बिना किसी पूर्व सूचना के अनुपस्थित रहने वाले 6 पर्यवेक्षकों एवं प्रगणकों के विरुद्ध विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। जनगणना अधिकारी द्वारा इन सभी को ‘कारण बताओ नोटिस’ जारी किया गया है। कार्य के प्रति घोर उदासीनता और अनुशासनहीनता के चलते इनके विरुद्ध निलंबन की प्रक्रिया भी अमल में लाई गई है। कार्रवाई की जद में आने वाले प्रगणकों में अर्चना मिश्रा (माध्यमिक शिक्षक, गर्ल्स हाई स्कूल, पचरे), श्यामा पाठक, सुषमा पनिका एवं उमा देवी (सभी माध्यमिक शिक्षक, कि.उ.मा.वि. गर्ल्स, पचरे), किरण शुक्ला (माध्यमिक शिक्षक, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय) तथा सुषमा लता सिंह (उच्चतर माध्यमिक शिक्षक, हायर सेकेंडरी स्कूल, पचरे) शामिल हैं।

प्रशिक्षण की गुणवत्ता और व्यवस्थाओं का जायजा लेने के लिए भोपाल से विशेष रूप से पधारे जनगणना अधिकारी श्री हुसैन अली जी पूरे समय उपस्थित रहे। उनके साथ जिला जनगणना अधिकारी ज्योति सिंह ने भी प्रशिक्षण स्थल का सघन निरीक्षण किया। इस कार्यक्रम में जोन क्रमांक-1 के अधिकारी प्रवीण गोस्वामी, जोन क्रमांक-2 के अधिकारी विष्णु पाल सिंह एवं जोन क्रमांक-3 के अधिकारी एच.एम. श्रीवास्तव सहित अन्य सहयोगी अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है कि जनगणना जैसे महत्वपूर्ण कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता भविष्य में भी बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशिक्षण के तीसरे और अंतिम दिन कल सभी सफल प्रतिभागियों को उनके नियुक्ति पत्र और पहचान पत्र वितरित किए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *