Janta Ki Awaj

NEWS AND POLITACAL

नगर निगम आयुक्त ने रात्रि में बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

सिंगरौली

नगर निगम आयुक्त ने रात्रि में बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

स्वच्छता में लापरवाही बरतने पर स्वास्थ्य अधिकारी को नोटिस जारी निरीक्षक निलंबित करने के निर्देश

नगर निगम सिंगरौली की आयुक्त श्रीमती सविता प्रधान द्वारा गुरुवार रात्रि शहर के प्रमुख बस स्टैंड का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं का विस्तृत रूप से निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड परिसर में स्वच्छता, प्रकाश व्यवस्था एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं में कई कमियां पाई गईं, जिस पर आयुक्त ने नाराजगी व्यक्त करते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही के निर्देश दिए।आयुक्त श्रीमती प्रधान ने बस स्टैंड में फैली गंदगी एवं अपर्याप्त सफाई व्यवस्था पर कड़ा रुख अपनाते हुए उपायुक्त श्री आरपी बैंस को निर्देशित किया कि स्वास्थ्य अधिकारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया जाए तथा संबंधित स्वच्छता निरीक्षक को निलंबित करने की कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थलों पर स्वच्छता बनाए रखना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है, इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने बस स्टैंड स्थित सुलभ शौचालय का भी निरीक्षण किया। वहां सफाई एवं रखरखाव की स्थिति संतोषजनक नहीं पाए जाने पर उन्होंने निर्देश दिए कि स्वच्छता मानकों के अनुरूप नियमित सफाई, पानी की उपलब्धता एवं अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं, ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

बस स्टैंड परिसर में पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था नहीं होने पर आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि अंधेरे वाले स्थानों की पहचान कर वहां तत्काल अतिरिक्त लाइटें लगाई जाएं, जिससे यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सके। इसके अतिरिक्त उन्होंने मल्हार पार्क में सौंदर्यीकरण के तहत पेंटिंग कार्य कराने के निर्देश भी दिए।

आयुक्त श्रीमती प्रधान ने स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता बढ़ाने पर भी विशेष जोर देते हुए कहा कि डेली स्वच्छता वाहनों के माध्यम से नियमित रूप से अनाउंसमेंट कराया जाए, जिससे आमजन स्वच्छता के प्रति जागरूक हों। साथ ही बस स्टैंड परिसर की सभी दुकानों में अनिवार्य रूप से डबल डस्टबीन रखने के निर्देश दिए गए, ताकि कचरे का उचित पृथक्करण एवं निस्तारण सुनिश्चित किया जा सके।उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि नगर निगम द्वारा दिए गए निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा संबंधित व्यक्तियों एवं दुकानदारों के विरुद्ध चालानी कार्रवाई की जाएगी। आयुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निरीक्षण में पाई गई कमियों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र दूर किया जाए तथा इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जाए।

इस दौरान कार्यपालन यंत्री श्री संतोष पांडे, उपायुक्त श्री आरपी बैंस, स्वास्थ्य अधिकारी श्री बी.जी. चतुर्वेदी, स्वच्छता निरीक्षक श्री विशाल सोनी सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *