Janta Ki Awaj

NEWS AND POLITACAL

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 मोटरसाइकिल जब्त – तीन आरोपी गिरफ्तार

सिंगरौली

 

अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 9 मोटरसाइकिल जब्त – तीन आरोपी गिरफ्तार

 

जिले की चितरंगी पुलिस ने अंतरराज्यीय वाहन चोर गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 9 चोरी की मोटरसाइकिलें बरामद की हैं, जिनकी कुल कीमत करीब 7 लाख 10 हजार रुपये बताई जा रही है। इस मामले में पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो विधि विवादित किशोरों को बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

पुलिस अधीक्षक मनीष खत्री के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सर्वप्रिय सिंह के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत चितरंगी पुलिस ने यह सफलता हासिल की। चोरी की बढ़ती घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए पुलिस टीम ने सीसीटीवी फुटेज और मुखबिरों की मदद से आरोपियों तक पहुंच बनाई।

5 अप्रैल 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने एक संदिग्ध युवक को गिरछादा के पास पकड़ा, जो चोरी की पल्सर मोटरसाइकिल बेचने की फिराक में था। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के विभिन्न क्षेत्रों से वाहन चोरी करने की बात कबूल की।

 

आरोपियों ने शहक्तिनगर, अनपरा, रीवा, चितरंगी, मोरवा और बरगवां क्षेत्रों से कुल 9 मोटरसाइकिलें चोरी कर उन्हें खंडहर मकानों में छिपाकर रखा था। पुलिस ने सभी वाहनों को बरामद कर विधिवत जब्त कर लिया है।

 

गिरफ्तार आरोपियों में बबुलेश साहू (20), रामराज सिंह गोंड (22) और सूर्यभान सिंह गोंड (18) शामिल हैं। सभी को न्यायालय में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है, जबकि दो नाबालिगों को रीवा के बाल संप्रेक्षण गृह भेजा गया है।

 

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी सहित पुलिस टीम के कई अधिकारियों और कर्मचारियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। फिलहाल पुलिस मामले की विस्तृत जांच में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *